जो व्यापार हित की बात करेगा, उसका देंगे साथ: अग्रवाल

दैनिक अवंतिका(खरगोन।) कांग्रेस प्रत्याशी से संवाद में व्यापारियों ने गिनाई समस्याएंए सरकार बनने पर हल करने की रखी मांग ।विधानसभा चुनाव को लेकर 17 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले व्यापारिक संगठन चेंबर ऑफ कॉमर्स ने सोमवार रात वर्तमान विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी रवि जोशी के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। राधाकुंज मांगलिक परिसर के खुले मंच पर व्यापारियों ने प्रत्याशी जोशी के सामने खुलकर व्यापार संचालन में आ रही समस्याओं, शासन की नीतियों पर नाराजगी जताई। विधायक जोशी ने व्यापारियों की शिकायतें, समस्याएं सुनने के बाद सरकार बनने पर शासन स्तर पर इनके निराकरण का आश्वासन दिया।
शुरुआत करते हुए चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने प्रत्याशी जोशी को बताया कि शासन की अन्य राज्यों के मुकाबले प्रदेश में अधिक मंडी टैक्स, हर साल लायसेंस नवीनीकरण प्रक्रिया के साथ बिजली के भारी भरकम बिलो की नीतियों से व्यापारी परेशान है। खासकर नियामक आयोग में सुधार की जरुरत। कपास पर आरसीएम से भी व्यापार प्रभावित हो रहा है। जीएसटी लागू है तो फिर मंडी टैक्स क्यों? यदि यह व्यवस्था के लिए जरुरी है तो नॉमिनल शुल्क लिया जाए। व्यापारी सुशील अग्रवाल ने ऑनलाईन टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के दौरान जमा कराई गई राशि रिलीज करने में दो से तीन माह का समय लिया जाता है, बड़े टेंडरों में यह राशि लाखों में होती है जो अटकने से व्यापारी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। यह प्रक्रिया ऑफलाईन होनी चाहिए। द्वारकादास महाजन ने मेडिकल, कृषि कॉलेज मुख्यालय पर निर्माण की मांग की। चर्चा के दौरान मप्र कांग्रेस उद्योग व्यापार संघ अध्यक्ष अजय चौराडिया ने कहा कि व्यापार किसके हाथ में सुरक्षित होगा, भय मुक्त व्यापार का माहौल प्रदेश में ने यह आप को तय करना है।
विधायक जोशी ने कहा कि वर्तमान में नीतियां अफसर बना रहे है, कांग्रेस सरकार बनने पर जिस उद्योग, व्यापार से जुड़े लोग है उनके साथ मिलकर नीतियां बनाएंगे। जोशी ने पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व.् सुभाष यादव की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जिले में सुतमिल और शकर मील आई थी इसके बाद से कोई बड़ा उद्योग नही आया। संचालन विनोद जैन ने किया, आभार इंजी. नितिन मालवीय ने माना। संगठन के नरेंद्र चावला, कानू कुप्पा, बसंत अग्रवाल, अमित महाजन मंचासीन थे। अतिथियों का स्वागत विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने किया।