मन्दसौर : कथा में चेन चुराने वाले दिल्ली की चार महिलाएं गिरफ्तारआरोपी महिलाएं देशभर में घूमकर करती थी चेन चोरी की वारदात

मन्दसौर ।  मल्हारगढ़ में चल रही भागवत कथा में सोने की चेन चुराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह की आरोपी चार महिलाओं को मल्हारगढ़ पुलिस ने पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। ये चारों महिलाएं दिल्ली की रहने वाली है। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
टीआई राजेंद्र कुमार पंवार ने बताया कि 10 सितंबर को नारायणगढ़ रोड़ मल्हारगढ़ पर चल रही भागवत कथा में शामिल हुए देवीलाल पिता ऊंकारलाल निवासी मल्हारगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मैं प्रसाद लेने गया था जब सोने की चेन गायब मिली। दो अन्य महिलाओं ने भी अपनी चेन चोरी होने की शिकायत की। इस दौरान लोगों को चार महिलाएं और एक व्यक्ति दिखे जिनकी हरकते संदिग्ध लगी। लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो वह अर्टिका कार से भाग गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि मोल्याखेड़ी फंटे पर सभी पांचों संदिग्ध और एक अर्टिका खड़ी है। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो कार चालक भाग गया। पुलिस ने चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली हैं। इनमें एक महिला रेशमा के कब्जे से चुराई गई चेन जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाएं कथाओं और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जाकर चेन चुराती है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
टीआई राजेंद्र कुमार पंवार ने बताया कि शैरा नायडू, मलर नायडू, राजलक्ष्मी, रेशमा को गिरफ्तार किया है। चालक सूरज उर्फ राहुल निवासी दिल्ली फरार है। चारों महिलाएं मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली है लेकिन कुछ वर्षा से दिल्ली में रहकर अन्य प्रदेशों में चेन चोरी की घटनाएं कारित करती है। टीआई श्री पंवार ने बताया कि उक्त आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश किया है जहां से 20 सितम्बर तक पुलिस को रिमांड पर सौंपा है।