March 29, 2024

देवास। प्रदेश सहित जिले में 31 अक्टूबर तक संचालित किए जाने वाले मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का शुभारम्भ जिले के सभी विकासखण्डों में कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को हितलाभ का प्रमाण-पत्र वितरित कर किया गया।
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान शुभारम्भ का जिलास्तरीय कार्यक्रम मल्हार स्मृति मंदिर में हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। कार्यक्रम में दिव्यांगो को ट्रायसिकल और कृत्रिम अंग, आयुष्मान कार्ड, युवा उद्यमी क्रांति योजना, स्व-सहायता समूह, ग्रामीण पथ विक्रेता, नि:शक्तजन विवाह योजना, लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने स्व सहायता समूह की महिलाओं के साथ पौधारोपण किया।
सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि देश में 8 चीते अफ्रीका से मध्यप्रदेश की धरती पर लाये गए। प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में जिले में घर-घर जाकर योजनाओ का लाभ दिया जाएगा। योजनाओ का लाभ दिलाने के लिए शिविरों का आयोजन होगा। देवास का कोई भी हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। सासंद श्री सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 12 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े मनाया जा रहा है। जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
कलेक्टर शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के शुभारम्भ पर जिले में पौधरोपण कार्य किया जा रहा है। रक्त दान शिविर आयोजित किये जा रहे है। विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित कर प्रमाण-पत्र का वितरण किया जा रहा है। जिले में अभियान के लिए 668 दल बनाये गए है। दल द्वारा आवेदन लेकर हितग्राहियों का लाभ वितरण किया जाएगा। जिले में 6 लाख 33 हजार आयुष्मान कार्ड बनाये गए है, आप सभी नागरिके भी आगे आकर योजनाओ का लाभ ले, जिन्हे राशन मिल रहा है, जिनके पास संबल कार्ड है तथा संनिर्माण कार्य मे पंजीकृत है सभी योजना में पात्र है।