निगमकर्मियों पर आरोप, अस्पताल में घुस कर फोन चुराया, गार्ड को चाकू मारने की धमकी

इंदौर। निगमकर्मियों द्वारा गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है।आरोपित अस्पताल में घुसकर फोन चुराकर ले गए। उन्होंने गार्ड पर चाकू खोला और मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुई है। एरोड्रम पुलिस को इस मामले की शिकायत हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। घटना अंबिकापुरी एक्सटेंशन स्थित 60 फीट रोड़ पर श्रीहरि अस्पताल की है। 17 जुलाई को तड़के करीब 4:24 बजे दो चोर अस्पताल में घुसे और रिसेप्शन पर रखा फोन चुरा लिया। आरोपितों ने नकाब लगा रखा था। घटना के पहले रैकी भी की गई थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड भी हुई। छानबीन करने पर पता चला चोर पंचशील नगर के रहने वाले हैं। प्रबंधन इस मामले में जानकारी जुटा ही रहा था कि 20 जुलाई को पुन: दोनों आरोपित अस्पताल में आने की कोशिश करने लगे। गार्ड ने रोका तो चाकू दिखाकर धमकाने लगे। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, आरोपितों ने गार्ड को श्वान बाहर घुमाने पर आपत्ति जताई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। नगर निगम जोन से भी फुटेज दिखाकर जानकारी मांगी है।

होम ट्यूटर से चेन लूटी, शोर करने पर गला दबाया
इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बदमाश ने होम ट्यूटर से सोने की चेन लूट ली। ट्यूटर ने शोर कर लोगों को बुलाया तो आरोपित ने गला दबा दिया। चेन तोड़ने के दौरान ट्यूटर घायल भी हुई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। एसआइ कल्पना चौहान के मुताबिक, हाईलिंक कालोनी निवासी रुचि सुरेश गुप्ता संगम नगर से घर की तरफ आ रही थी। मोड़ पर गड्डा खुदा होने से रुचि की गाड़ी रुक गई। सामने से आटो रिक्शा वाला भी आ गया। पहले से खड़ा युवक आया और गुत्थमगुत्था हो रहे वाहनों को रास्ता दिखाने लगा। बहाने से वह रुचि के समीप आया और सोने की चेन झपट ली। रुचि का गला भी दबाया। हालांकि लोगों ने पीछाकर आरोपित को पकड़ लिया। उसकी पहचान सन्नाटा उर्फ सुमित उर्फ प्रदीप के रुप में हुई है। सन्नाटा पर 14 आपराधिक मुकदमें दर्ज है।