April 27, 2024

दूसरी पत्नी ने कहा था- सौतेला बेटा साथ रहेगा तो मैं नहीं; आरोपी पिता फरार

इंदौर। तेजाजीनगर थाना क्षेत्र के लिंबोदी में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पिता ने अपने 7 साल के बेटे का गला घोट दिया। सोमवार सुबह सबसे पहले दादी ने बच्चे को अचेत अवस्था में देखा और परिवार के लोगों को सूचना दी। बच्चे के ताऊ ने पुलिस को बताया कि रात में सौतेली मां का फोन बच्चे के पिता के पास आया था। उसने धमकी दी थी कि ‘बेटा या फिर मुझ में से किसी एक के साथ रहना होगा।’ आरोपी पिता वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है।
परिवार के लोग बच्चे को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसका परीक्षण किया तब तब उसकी मौत हो चुकी थी। यहां से डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार ने पुलिस को बताया कि रविवार रात 10 बजे 7 साल का प्रतीक अपने पिता शशिकांत के पास कमरे में जाकर सो गया। सुबह काफी देर तक नहीं जागा तो दादी कमरे में पहुंची। यहां दादी ने शशिकांत को आवाज लगाई। लेकिन बेटा घर पर नहीं था। लेकिन जब दादी ने पोते प्रतीक को उठाया तो उसने भी कोई जवाब नहीं दिया। उसके शरीर में कोई हरकत भी नहीं हो रही थी। उसके गले और मुंह पर मारपीट के निशान भी मिले हैं। यह देख दादी चीख पड़ी। दादी की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग इकट्‌ठा हो गए। सभी लोग प्रतीक को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसका चैकअप कर उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस घर के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।

शशिकांत को पत्नी से बात करते सुना था दादी ने

​दादी कृष्णाबाई ने पुलिस को बताया कि रात में उसने शशिकांत को पत्नी पायल से बात करते हुए सुना था। वह पत्नी से बात करते-करते घर के बाहर घूमने निकल गया। थोड़ी देर बाद वापस आया और वह भी उसी कमरे में सोने के लिए चला गया। कृष्णा बाई ने कहा कि वह क्या बात कर रहा था यह मुझे नहीं पता। दोनों के बीच बातें होती थीं। और बेटा शशिकांत अक्सर बाहर जाकर ही बात करता था।

रात में दूसरी पत्नी का आया था फोन

आरोपी पिता शशिकांत के बड़े भाई राजेश ने पुलिस को बताया कि शशिकांत निजी कंपनी में कार ड्राइवर है। उसकी पत्नी पायल की दो माह पहले डिलीवरी हुई थी। तभी से वह अपने मायके नादनपुरा में है। पति-पत्नी के बीच कई दिनों से अनबन चल रही थी। पायल शुरू से प्रतीक के प्रति द्वेष रखती थी। रात में पायल का फोन आया था। उसने शशिकांत से ससुराल आने से इनकार कर दिया। राजेश ने पुलिस से कहा था कि या तो पहली पत्नी के बेटे प्रतीक के साथ रह ले या फिर मेरे साथ।