March 29, 2024

इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी और देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर नगर पालिका निगम का बजट पेश कर दिया गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पहली बार बजट पेश किया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पेश किया गया निगम का बजट कई मायनों में अहम है। बिना कोई नया कर लगाए संभवत् किसी नगरीय निकाय का पहला पेपर लेस बजट है। कुल 7473 करोड़ रुपए का ये बजट 88 करोड़ रुपए के घाटे का बजट है। जिसमें खासतौर पर ग्रीन सिटी,क्लीन सिटी,सोलर सिटी,योग सिटी,डिजीटल सिटी और यातायात प्रबंधन के लिए प्रावधान किया गया है। महापौर बजट पेश करते हुए घोषणा की है, कि इंदौर में महाकाल लोक की तर्ज पर राजबाड़ा क्षेत्र में देवी अहिल्या लोक बनाया जाएगा। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित होगी। वहीं,2050 के मद्देनजर शहर के बढ़ते हुए दायरे और आबादी को देखते हुए नर्मदा का चौथा चरण शुरू होगा। जिसके तहत जलूद से पानी इंदौर लाया जाएगा। इसके लिए 1500 करोड़ का खर्च होगा। साथ ही कान्ह नदी शुद्धिकरण के लिए 150 करोड़ की लागत से तीन एसटीपी प्लांट का निर्माण होगा।निगम कर्मचारियों का निमयमीतकरण के साथ ही डिजीटल सिटी के लिए 150 चौराहे पर फ्री वाय फाय जोन बनेंगे। हालाकि,विपक्ष ने निगम के इस बजट को हवा हवाई बजट बताया है।