April 20, 2024

इंदौर। गुड़ी पड़वा और चेटीचंड त्योहार पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में छुट्टी निरस्त कर दी है। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को नाराजगी जताई। वहीं, कांग्रेस ने भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर शासकीय छुट्टी निरस्त करना गलत है। गुड़ी पड़वा और चेटीचंड हिंदुओं का सबसे बड़ा पर्व है, लेकिन विश्वविद्यालय में कर्मचारियों को त्योहार के दिन भी बुलाया जा रहा है।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय गैर शिक्षक संघ के अध्यक्ष चैनसिंह यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय में दीक्षा समारोह की तैयारी को लेकर शासकीय कर्मचारियों को अवकाश के दिन भी बुलाया जा रहा है। इससे शासकीय कर्मचारियों को परेशान होना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने भी सौंपा शिकायती पत्र

छुट्टी निरस्त करने के विरोध में कांग्रेस के सचिव तेजप्रकाश राणे व अन्य सदस्य कुलपति कार्यालय पहुंचे। वहां कुलपति के अनुपस्थिति में प्रभारी कुलपति डा. सुमंत कटियाल को शिकायत पत्र दिया। साथ ही कांग्रेसियों ने इस मामले पर सांसद शंकर लालवानी से भी चर्चा की है। कांग्रेसियों का कहना है कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन इस संबंध में तत्काल निर्णय नहीं लेता है तो दीक्षांत समारोह का विरोध किया जाएगा।