भारी गुटबाजी में फंसी कांग्रेस को इंदौर शहर अध्यक्ष की तलाश

नेता भोपाल- दिल्ली के बीच चक्कर काट आए लेकिन नहीं निकल रहा हल

इंदौर। जिस इंदौर को प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कहा जाता है, वहां प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस को चुनावी साल में भी एक अदद शहर अध्यक्ष नहीं मिल पा रहा है।कार्यकारिणी बनने और न बनने की बात तो दूर रही। नेता गुटबाजी में इतने अधिक डूब गए हैं कि यदि यही हाल रहा तो कांग्रेस को किसी विरोधी पार्टी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इंदौर के कई राजनेता भोपाल- दिल्ली तक अपनी बात पहुंचा चुके हैं, लेकिन अभी तक इस पद के लिए नाम की घोषणा नहीं हो सकी है। फिलहाल इस पद की जिम्मेदारी प्रभारी बतौर महेंद्र जोशी संभाल रहे हैं।
गौरतलब है कि करीब 1 महीने पहले ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की एक सूची जारी हुई। इस सूची में इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी से विनय बाकलीवाल को मुक्त करते हुए अरविंद बागड़ी को कमान सौंपी गई। इस घोषणा के बाद से ही शहर कांग्रेस में नए नाम को लेकर अंदर खाने खींचतान शुरू हो गई। कुछ कांग्रेसी नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के बाहर बागड़ी का पुतला भी जला दिया। इसके बाद बागड़ी ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाली, लेकिन कुछ ही देर बाद पूर्व सांसद और मप्र के प्रभारी वरिष्ठ नेता जे.पी अग्रवाल का लेटर आया, जिसमें बागड़ी के शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले को होल्ड कर दिया। पत्र आते ही पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल गांधी भवन पहुंचे और फिर से पद की जिम्मेदारी संभाल ली। ये भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को रास नहीं आया। एक लेटर और जारी हुआ, जिसमें इस पद की जिम्मेदारी अगले आदेश तक के लिए इंदौर जिला संगठन कांग्रेस प्रभारी महेंद्र जोशी को सौंप दी गई।

दिल्ली तक लगा आए चक्कर

शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर इंदौर से कई नेता व पार्षद दिल्ली तक तगादा कर चुके है। वहां उन्होंने कांग्रेस के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की और चुनावी साल में शहर अध्यक्ष पद के लिए कुछ नाम भी आगे रखे। हालांकि कांग्रेस के नेताओं का कहना था कि जल्द ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष के नाम की घोषणा होगी, लेकिन अभी तक इसकी कोई सुगबुगाहट नहीं है। वहीं दूसरी तरफ बागड़ी के समर्थन में समाज जन भी मैदान में उतरे थे। उन्होंने भी बागड़ी को दिए पद को होल्ड करने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। समाजजनों ने इसे लेकर बैठकें भी की थी।

ऐसा चाहिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष

शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मुख्य रूप से ऐसे व्यक्ति को दी जाएगी, जो सभी बातों में चाक चौबंद हो। तकनीकी रूप से साउंड हो। मिलनसार हो, पूरे इंदौर में जाना पहचाना हो। ऐसी कई बातों को लेकर कई नेताओं की जानकारी निकाली गई है। इस जानकारी के आधार पर इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।