April 26, 2024

भोपाल में मकान गिरा, मप्र अब तक सामान्य से 2 इंच ज्यादा पानी गिरा
ब्रह्मास्त्र भोपाल
मध्यप्रदेश में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। अब तक प्रदेश में 13 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य (11 इंच) से 2 इंच ज्यादा है। नर्मदापुरम में तवा डैम के 13 में से 7 गेट 5-5 फीट तक खोलकर आज भी पानी छोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को 11 गेट खोलना पड़े थे। शनिवार सुबह 7 बजे तक 7 गेट साढ़े पांच फीट तक खुले रहे। तवा डैम से पानी छोड़े जाने पर नर्मदापुरम, धार, अलीराजपुर, हरदा, देवास, सीहोर, रायसेन और खंडवा जिले में नर्मदा किनारे रह रहे लोगों को अलर्ट जारी किया गया है। मरोड़ा, सोनतलाई, मेहराघाट, सांगाखेड़ा कला, बांद्राभान, रायपुर गांव तवा नदी से लगे हैं। भोपाल के चौकी तलैया इलाके में भी शुक्रवार रात बारिश के बीच पुराना मकान गिर गया। कोई हताहत नहीं हुआ। सागर के खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पास शुक्रवार रात निमार्णाधीन मकान का स्लैब ढह गया। मलबे में तीन मजदूर दब गए। एक मजदूर की मौत हो गई। इटारसी के पास मेहरागांव में बारिश से एक घर की दीवार गिर गई।
मलबे में दबने से शांति बरखने नाम की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है।