April 27, 2024

इंदौर। नगरीय निकाय चुनाव खत्म होते ही कोरोना महामारी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को इंदौर में कोरोना के 102 मरीज मिले। पांच महीने बाद मरीजों का आंकड़ा सौ के पार हुआ है। इसके पहले 17 फरवरी 2022 को इंदौर में एक ही दिन में 100 मरीज मिले थे। गुरुवार को 721 नमूनों की जांच की गई। यानी संक्रमण दर 14.14 फीसद रही।
मार्च के बाद से पहली बार शहर में एक ही दिन में नमूनों की संख्या 700 के पार हुई है। किसी समय जिले में उपचाररत मरीजों की संख्या एक अंक में थी, लेकिन फिलहाल कोरोना के 485 मरीजों का उपचार चल रहा है। अब तक इंदौर में 3820951 नमूने जांचे जा चुके हैं। इनमें से 2,09,509 संक्रमित मिले। इनमें से 2,07,560 बीमारी को हराकर पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

उज्जैन में एक किशोरी, दो महिला सहित जिले में 7 पॉजिटिव

उज्जैन में गुरुवार को जिले में कोरोना का विस्फोट हुआ और इस सीजन में पहली बार जिले में एक साथ 7 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिनमें एक किशोरी और 2 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी नए संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
जिले में गुरुवार को आई 223 रिपोर्ट में से 7 रिपोर्ट पॉजिटिव आई और पॉजिटिव दर 3.14 प्रतिशत तक पहुंच गई। पॉजिटिव केस में 5 नए संक्रमित उज्जैन शहर में और 2 संक्रमित खाचरौद तहसील में निकले।