March 29, 2024

सरपंच, पंच और जनपद सदस्यों के चुनाव परिणाम की घोषणा, जीत का प्रमाण पत्र मिलते ही छलकीं आंखें, दी बधाई।

इंदौर। किसी की आंख में आंसू थे तो किसी के चेहरे पर विजयी मुस्कान। करीब महीनेभर के मैराथन चुनाव के बाद गुरुवार को विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र मिले तो उनके हावभाव देखने लायक थे। दरअसल, शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में सरपंच, पंच और जनपद सदस्यों के चुनाव परिणाम की घोषणा और प्रमाण पत्र वितरण हुआ। भारतीय जनता पार्टी अपना दबदबा बनाए रखने में कामयाब हुई है। जिला पंचायत में 17 में से 12 जगह भाजपा जीती, जबकि पांच जगह कांग्रेस काबिज हुई।
बीते माह हुए मतदान के बाद उसी दिन मतगणना भी हो गई थी, लेकिन उसकी अधिकृत घोषणा नहीं हुई थी। सोमवार सुबह 10 बजे यह प्रक्रिया शुरू हुई। अधिकारियों के आने के बाद प्रमाण पत्रों को वितरण शुरू किया गया। विजयी प्रत्याशी अपने समर्थक और स्वजन के साथ मौजूद थे।

पति के निधन के बाद टिकट मिला और सरपंच बनी

सेमल्या चाऊ की सरपंच बनी सपना कीर को जैसे ही अधिकारियों ने विजयी होने का प्रमाण पत्र दिया, उनकी आखों से आंसू निकल गए। चुनाव संचालक विकास खींची ने बताया कि सपना के पति धर्मेंद्र धीर का कुछ माह पहले ही निधन हुआ है। वे लंबे समय से सरपंच पद के लिए तैयारी कर रहे थे। उनके निधन के बाद सपना को टिकट दिया।