March 29, 2024

उज्जैन। निर्वाचन कार्यालय से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे कर्मचारी को आयशर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने आयशर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घट्टिया थाना पुलिस ने बताया कि पंचायत चुनाव के चलते शासकीय हॉस्टल में पदस्थ कमल पिता मांगीलाला बोड़ाना 50 वर्ष की ड्युटी घट्टिया तहसील के निर्वाचन कार्यालय में लगाई गई थी। देर शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद कमल बाइक पर सवार होकर घौंसला स्थित घर लौट रहा था। रास्ते में सामने से आई आयशर से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक आयशर लेकर भाग निकला। कमल गंभीर घायल हो गया था। जिसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार शुरु हो पाता उससे पहले मौत हो गई। रात में ही परिजनों को घटना की जानकारी मिल गई थी। बुधवार सुबह परिजनों ने बताया कि मृतक 7 बच्चों का पिता था और मूलरुप से पानबिहार का रहने वाला था। कुछ समय पहले ही घौंसला में रहने आया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। मामले में आयशर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चालक को हिरासत में लेकर आयशर जब्त कर ली जाएगी।