March 28, 2024

उज्जैन। दोस्तों के साथ ढाबे पर पार्टी करने गया युवक लापता हो गया। दोस्तों ने उसकी तलाश शुरु की तो ढाबे के पीछे ही कुछ दूरी पर कुएं के पास उसकी चप्पल दिखाई दी। डूबने की आशंका में तलाश की गई। 6 घंटे बाद उसका शव बाहर निकाला गया। घट्टिया थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम बकानिया में रहने वाला रितेश पिता गोविंद गुजराती 20 वर्ष मंगलवार रात दोस्तों के साथ आगररोड भैरु ढाबे पर पार्टी मनाने गया था। रात 10.30 बजे पार्टी से लापता हो गया। दोस्तों ने उसकी तलाश शुरु की। बाइक ढाबे के बाहर खड़ी थी। आसपास तलाश करने पर ढाबे के पीछे कुछ दूरी पर खेत में बना मुंडेर का कुआं दिखाई दिया, रितेश ने शराब पी रखी थी। शंका के आधार पर कुएं के पास जाकर देखा तो चप्पल पड़ी दिखी। कुएं में गिरने की संभावना जताकर उसकी तलाश शुरु की गई। परिजन भी मौके पर आ गये थे। अंधेरा होने पर तलाश करने में काफी मशक्कत करना पड़ी। तड़के 4 बजे उसका शव कुएं से बरामद हो गया। मामले की जानकारी लगते ही घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव जिला अस्पताल लाया गया। मामले में मर्ग कायम करने के बाद बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद बॉडी परिजनों के सुपुर्द की गई। संभावना जताई गई है कि रितेश नशे में था और लघुशंका के चलते बिना मुंडेर के कुएं में गिरा है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच के बाद ही पता चल पायेगा कि घटना कैसे हुई है।