April 25, 2024

उज्जैन। निकास चौराहा के समीप गोवर्धन सागर को संरक्षित किया जा रहा है। प्रशासन इसकी पूरी तैयारी में लगा हुआ है। शनिवार देर शाम निगम जोन 2 की ओर से सागर के सामने रहने वाले मकान मालिको को नोटिस देकर उक्त भूमि सागर की होना बताई। नोटिस मिलने से रहवासियों में हड़कंप मच गया है।
नगरकोट माता मंदिर गणेश टेकरी से लेकर वीडी क्लॉथ मार्केट के एक हिस्से तक फैले गोवर्धन सागर को प्रशासन द्वारा संरक्षित किया जा रहा है। 2 माह पहले सागर की सफाई कराकर उसे मूल स्वरुप में लाया गया था। जिसके बाद से लागातर सागर के आसपास से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है। सागर की भूमि मूल सर्वे क्रमांक 1281 खसरे में अभिलिखित कुल रकबा 7.716 हेक्टयर में है। जिसके चलते नगर निगम झोन क्रमांक 2 की ओर शनिवार देर शाम 25 मकान मालिकों को नोटिस देकर 24 घंटे में अपना निर्माण हटाने और स्पष्टीकरण देने को कहा है। नोटिस मिलने के बाद रहवासियों में हड़कंप मच गया। रातभर रहवासियों सो नहीं सके। सुबह विधायक और क्षेत्रीय पार्षद से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन कोई नहीं मिल पाया।