पेट्रोल पंप डकैती में फरार 5 बदमाशों को नहीं मिला सुराग -अशोकनगर से हिरासत में आये आरोपी को भेजा जेल

उज्जैन। जिओ पेट्रोलपंप पर हुई डकैती में शामिल एक बदमाश को 13 दिन बाद पुलिस ने अशोकनगर से हिरासत में लिया था। रविवार को रिमांड अवधि खत्म होने पर उसे जेल भेजा गया है। पूछताछ में उससे मिली जानकारी के बाद पुलिस गुना पहुंची थी, लेकिन फरार 5 बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया।
तराना तहसील के ग्राम कनासिया एबी रोड पर 22-23 मई की रात जिओ पेट्रोल पंप पर आधा दर्जन बंदूकधारी बदमाशों डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने 4 कर्मचारियों और पंप मालिक अखिलेश मंडलोई को बंधकर बनाकर 42 हजार रूपये नगद, सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल, क्रेडिट कार्ड लूट लिये थे। 13 दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने गुना अशोकनगर से सोनू उर्फ कचरा पिता बीसरा पारदी को हिरासत में लिया था। 6 जून को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिये 2 दिनों की रिमांड पर लिया गया। इस दौरान पुलिस बदमाश को अशोकनगर लेकर पहुंची, उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल बरामद किया गया। लेकिन उसके फरार 5 साथियों का सुराग नहीं मिल पाया। रविवार को रिमांड खत्म होने पर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी आरएनएस भदौरिया ने बताया कि गिरफ्त में आये बदमाश ने कबूल किया कि उसे लूटी गई राशि में से 5 हजार रूपये मिले थे। जो खर्च कर दिये है। वारदात के लिये 2 बाइक पर सवार होकर आये थे। दोनों बाइक अलग-अलग रास्ते पर खड़ी की थी। उसके बाद पैदल पेट्रोल पंप तक पहुंचे थे। थाना प्रभारी के अनुसार फरार बदमाशों के गिरफ्त में आने पर उनसे डकैती में उपयोग की गई बाइक, बंदूक और शेष राशि बरामद करने का प्रयास किया जायेगा। फिलहाल एक टीम फरार बदमाशों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Author: Dainik Awantika