उज्जैन। पिछले माह 37-38 डिग्री के आसपास बना रहा तापमान लौटी गर्मी के बीच तीखे तेवर दिखा रहा है। रविवार को गर्मी से दोपहर बाद सड़को पर सन्नाटा दिखाई दिया। तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच चुका था। इससे पहले शनिवार-रविवार रात न्यूनतम तापमान में भी तेजी आई और 27 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम विभाग 10 जून बाद मानसून की दस्तक होना बता रहा है। इससे पहले गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। तीन दिनों से तापमान में तेजी आ रही है। मई माह के अंत तक तापमान 37-38 डिग्री बना हुआ था, आंधी बारिश हो रही थी। अब बारिश आंधी का दौर थमने के बाद तेज गर्मी महसूस हो रही है। रविवार सुबह सूर्योदय के बाद से धूप तीखी लगने लगी थी। दोपहर बाद हवा में भी गरमाहट महसूस होने लगी थी। दोपहर बाद सड़को पर सन्नाटा दिखाई देने लगा था। स्थानीय जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया है। कुछ दिन तापमान में तेजी बनी रहेगी। गर्मी बढ़ने पर बारिश की संभावना भी बढ़ेगी। वैसे 10 जून बाद मानसून दस्तक दे सकता है। इस बार केरल में मानूसन मई माह के अंत में दस्तक दे चुका था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनते ही प्रदेश में भी बारिश का दौर शुरू हो जायेगा। रविवार को हवा 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही थी।