उज्जैन। बागपुरा धर्मशाला चौराहा पर शनिवार-रविवार रात 1 बजे युवक पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी सुबह पुलिस की हिरासत में आ गया। उससे चाकू बरामद कर लिया गया है। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।
माधवनगर थाना क्षेत्र के बागपुरा में रहने वाले मोहित पिता संतोष जिनवाल 22 साल को रात में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उसके पेट में चाकू का गहरा घाव लगा था। डॉक्टरों ने उपचार के लिये भर्ती किया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंच गई थी। परिवार मोहित को लेकर अस्पताल आया गया था, पुलिस चरक भवन पहुंची और घायल के बयान दर्ज किये। उसने बताया कि हमला सागर उर्फ लालू ने किया है। वह चाय की दुकान चलता है, सागर क्षेत्र में मादक पदार्थ बेचता है। कुछ दिन पहले उसकी शिकायत एसपी कार्यालय पहुंचकर की थी। इसी बात पर रात में सागर ने उसे रोका और कहा कि बहुत तेज चल रहा है। उसने गाली-गलौच करना शुरू कर दिया था। विरोध करने पर उसने चाकू निकालकर घोंप दिया। एएसआई गौरीशंकर काकोडिया ने बताया कि रात में ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। जिसे सुबह हिरासत में लिया गया है। घायल युवक के पेट में चाकू का गहरा घाव लगा है। डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर धारा बढ़ाई जायेगी। फिलहाल 118 (1), 296, 351 (2) बीएनएस का प्रकरण दर्ज किया गया है।