खरगोन दुनिया का चौथा सबसे गर्म शहर, कई शहरों में चल रही लू

उज्जैन, रतलाम ,शाजापुर, खरगोन, धार में पारा 44 डिग्री पर पहुंचा

भोपाल। मध्यप्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी से दो दिन बाद कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल शहर भट्‌टी की तरह तप रहे हैं। खरगोन में तो शनिवार दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। यहां ये बीते 7 साल का सबसे ज्यादा तापमान है। पिछले साल 10 मई को पारा 45.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। खरगोन, पाकिस्तान के नवाबशाह और सिबी शहर के बाद दुनिया में चौथा सबसे गर्म शहर रहा।
फिलहाल गर्मी के तेवर तीखे ही रहेंगे। खासकर मालवा-निमाड़ खूब तपेंगे। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास रह सकता है।

रतलाम की गर्मी खरगोन में शिफ्ट

देश में सबसे गर्म मध्यप्रदेश का खरगोन रहा। यहां 46 से ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद राजस्थान के जैसलमेर में 46 डिग्री टेम्प्रेचर दर्ज हुआ। इसके बाद बाड़मेर, अकोला, चुरू, कोटा, बीकानेर, झांसी, फलोदी और जलगांव में गर्मी ज्यादा रही। यहां 45 से 45.7 डिग्री तक तापमान दर्ज किया गया। मई महीने में पहली बार ग्वालियर, खरगोन, धार, गुना, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन, दमोह और खजुराहो में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। खरगोन में एक ही दिन में 4 डिग्री तापमान तक बढ़ गया। इससे पहले लगातार 9 दिन तक रतलाम में सबसे ज्यादा तापमान था। यानी, रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म था। शनिवार को ग्वालियर में भी पहली बार पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, भोपाल में 2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ तापमान 43.2 डिग्री तक पहुंच गया। इंदौर में 42.7 और जबलपुर में तापमान 41.1 डिग्री रहा। प्रदेश में सिर्फ पचमढ़ी ही ऐसा रहा, जहां तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा ही रहा।

रविवार को भी लू

प्रदेश के रतलाम, धार, शाजापुर और आगर में रविवार को भी गर्म हवाएं चल रही है। वहीं, राजस्थान से सटे शाजापुर, आगर, उज्जैन में पारा 42 से 44 डिग्री से ज्यादा ही है।