जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों को 10-10 साल की सजा प्रत्येक पर 15 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया

मनावर।  मनावर के द्वितीय अपर सत्र न्यायालय ने जानलेवा हमले के करीब साढ़े तीन साल पुराने मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए दो आरोपियों को दोषी ठहराया है। न्यायालय ने आरोपी विजय भूरिया एवं प्रकाश गणावा को भारतीय दंड संहिता की धारा 307 सहपठित धारा 34 के तहत 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास और 15-15 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने पर तीन-तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। न्यायालय का यह निर्णय 26 नवंबर 2026 को द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश  पदमा जाटव द्वारा सत्र प्रकरण क्रमांक 63/2023 में सुनाया गया।
*मामूली विवाद के बाद पत्थर और लकड़ी के डंडों से किया था हमला-अभियोजन के अनुसार घटना 12 मई 2023 की रात करीब 10:30 बजे की है। फरियादी अशोक निवासी अक्षत बिहार कालोनी  उस समय अपनी कॉलोनी में घूम रहा था। इसी दौरान विजय भूरिया, प्रकाश गणावा एवं उनके तीन अन्य साथी सभी निवासी जाजमखेड़ी वहां बैठे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। अशोक द्वारा उन्हें वहां बैठने का कारण पूछने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विजय और प्रकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर अशोक पर पत्थरों एवं लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में अशोक के सिर, दोनों हाथ-पैर, मुंह और सीने में चोटें आईं।
घटना को हरीश ने देखा था। सूचना मिलने पर घायल अशोक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनावर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बड़वानी अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसका उपचार किया गया। बाद में 16 मई 2023 को मनावर थाने में अपराध क्रमांक 585/2023 के तहत धारा 294, 323, 307 एवं 34 भादंवि में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
*मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के आधार पर चला मुकदमा-प्रकरण की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने घटना से संबंधित मेडिकल दस्तावेज, चिकित्सकीय रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शी के बयान एवं अन्य साक्ष्य न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। न्यायालय ने प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों का परीक्षण किया। इसके बाद विजय भूरिया एवं प्रकाश गणावा को हत्या के प्रयास के अपराध में दोषी मानते हुए कठोर दंड सुनाया।
न्यायालय ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया कि आरोपियों के कृत्य की गंभीरता को देखते हुए उनके प्रति उदार दृष्टिकोण अपनाना उचित नहीं है।
*पीड़ित को 20 हजार रुपए प्रतिकर देने के निर्देश-न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 357 के तहत अर्थदंड की राशि में से 20 हजार रुपए अपील अवधि समाप्त होने के बाद फरियादी एवं आहत अशोक को प्रतिकर के रूप में दिए जाने के निर्देश भी दिए हैं। अपील होने की स्थिति में प्रतिकर का निराकरण अपीलीय न्यायालय के निर्देशानुसार किया जाएगा।वहीं आरोपी राजू उर्फ बबलू के जमानत मुचलके आगामी छह माह के लिए विस्तारित किए गए हैं। प्रकरण में आरोपी शंभू पंवार के फरार होने के कारण मामले को सुरक्षित रखने तथा अभिलेख के मुख्य पृष्ठ पर लाल स्याही से फरार अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक (एजीपी) बसंत उदासी ने पैरवी की। अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों, गवाहों के बयानों एवं चिकित्सकीय दस्तावेजों के आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment