इंदौर। फूटी कोठी चौराहे के पास शनिवार को नगर निगम ने सब्जी मंडी पर कार्रवाई करते हुए 300 से ज्यादा अस्थायी ठेले-दुकानों को हटाया।निगम ने यहां दुकान-ठेला लगाने वालों को दूसरी जगह स्थान देने की बात कही है, लेकिन सालों से इसी जगह कारोबार कर रहे दुकानदार ब्रिज के नीचे ही जगह देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि निगम जहां शिफ्ट करने की बात कह रहा है, वह जगह ठीक नहीं है। वहां जगह कम है और सड़क व अन्य व्यवस्थाओं की भी परेशानी है।दुकानदारों को आशंका है कि नई जगह पर उनका कारोबार नहीं चल पाएगा और उन्हें दोबारा हटाने की नौबत आ सकती है।सुबह नगर निगम का अमला पुलिस बल के साथ कार्रवाई करने पहुंचा तो निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से बात करने के लिए एक दिन का समय देने और तब तक कार्रवाई रोकने की मांग की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
नगर निगम ने सब्जी मंडी पर कार्रवाई अस्थायी ठेले-दुकानों को हटाया: अधिकारियों को फोन लगाती रही नेता प्रतिपक्ष