इंदौर।शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध कार से 80 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। कार में सवार देवास जिले के दो व्यक्ति इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पूरी राशि जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दे दी है।कनाड़िया पुलिस के अनुसार, बुधवार (11 नवंबर) को क्षेत्र में निगरानी के दौरान टीपीएस-05 मेन रोड स्थित फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में एक संदिग्ध वैगनआर कार खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की जांच की, तो उसमें दो व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान तिलोक गामी और मनोज गामी निवासी ग्राम बरखेड़ा सोमा (थाना बागली, जिला देवास) के रूप में बताई।पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो अंदर से कुल 80 लाख रुपए की नकदी बरामद हुई। नोटों की गिनती करने पर इसमें 500 रुपए के नोटों में 75 लाख रुपए, 200 रुपए के नोटों में 2 लाख रुपए और 100 रुपए के नोटों में 3 लाख रुपए शामिल पाए गए।इतनी बड़ी नकदी मिलने पर पुलिस ने दोनों युवकों से सख्ती से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे यह रकम बिचौली निवासी सुरेश पटेल के यहां से लेकर आए हैं और यह पैसा बरखेड़ा बागली में हुए एक जमीन के सौदे का है। हालांकि, पुलिस द्वारा मांगे जाने पर वे मौके पर जमीन के सौदे या नकदी के लेन-देन से जुड़ा कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों और दस्तावेजों के अभाव को देखते हुए पुलिस ने नियमानुसार पूरी 80 लाख रुपए की राशि जब्त कर ली है। मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है। अब आयकर विभाग की टीम नकदी के वास्तविक स्रोत और युवकों द्वारा किए जा रहे जमीन के सौदे के दावों की जांच करेगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।