उज्जैन। संभागीय लोकायुक्त पुलिस उज्जैन ने गुरूवार को नीमच डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड (द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी) युवराजसिंह चौहान को सैनिक महेश थोरेचा से रूपए 3 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। प्रकरण में होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह को सह आरोपी बनाया गया है। लोकायुक्त दल ने दोनों के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।डीएसपी लोकायुक्त राजेश पाठक ने बताया कि विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को आवेदक होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने मंगलवार 10 नवंबर को समक्ष में उपस्थित होकर शिकायत की थी। इसमें बताया गया था कि होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नीमच युवराज सिंह चौहान होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से आरटीओ बेरियर नयागांव नीमच पर की गई तैनाती के एवज में रूपए 3 हजार प्रतिमाह के हिसाब से रिश्वत की मांग कर रहें है । पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन ने प्राप्त शिकायत का सत्यापन निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से करवाया गया । सत्यापन में पुष्टि होने पर गुरूवार को ट्रेप का आयोजन किया गया। इसके तहत आवेदक को दो शासकीय राजपत्रित गवाहों के समक्ष रिश्वत की राशि पंजीबद्ध करते हुए दी गई थी। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड युवराज सिंह चौहान को होमगार्ड कार्यालय कोट मोहल्ला नीमच में आवेदक महेश थोरेचा से रूपए 3 हज़ार की रिश्वत प्राप्त करने पर रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी ने रिश्वत की रकम लेकर अपने शर्ट की जेब में रख ली थी जिस पर शासकीय गवाहों की उपस्थिति में राशि बरामद करने के साथ ही शर्ट भी प्रकरण में जप्त की गई है। भ्रष्टाचार के इस मामले में होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह कंमाडेंट के लिए दलाली करते हुए रेकार्ड किया गया है। आवेदक से बातचीत में उसने राशि की मांग में उसकी भी भूमिका सामने आई है।