बुरहानपुर। बुरहानपुर के धुलकोट क्षेत्र के सराय गांव के नावनिया फालिया में बुधवार रात एक तेंदुआ खेत के कुएं में गिर गया। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे वह कुएं से बाहर निकला और जंगल की ओर भाग गया।खेत मालिक जगदीश तरोले रात में मोटर पंप चालू करने कुएं पर पहुंचे थे। टॉर्च की रोशनी डालने पर उन्हें कुएं में तेंदुआ दिखा। वे गांव वालों और वन विभाग को सूचना देकर वहां से चले गए। खबर फैलने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कुएं के आसपास घेराबंदी कर लोगों को दूर किया, ताकि तेंदुआ घबराकर हमला न करे। रात में खटिया डालकर उसे बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह कुएं में सीढ़ी भी लगाई गई।
*इंदौर से बुलाई जा रही थी टीम-धुलकोट रेंजर लखनलाल वास्कले ने बताया कि तेंदुआ जगदीश तरोले के खेत के कुएं में गिरा था। इंदौर से रेस्क्यू टीम बुलाई जा रही थी, लेकिन तेंदुए के बाहर निकलने के बाद टीम नहीं बुलाई गई।ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से इलाके में तेंदुए की आवाजाही दिख रही थी। किसानों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।