निगम ने भवन स्वामी को पूर्व में जारी किया था नोटिस रात 3 बजे फ्रीगंज क्षेत्र में पोकलेन से हटाया जर्जर भवन

उज्जैन। नगर निगम की टीम द्वारा बुधवार -गुरुवार देर रात फ्रीगंज क्षेत्र में जर्जर एवं गिराऊ भवन को हटाने की कार्रवाई की गई। रात 3 बजे भी अलर्ट मोड पर सक्रिय नगर निगम की टीम ने गुरुद्वारे के सामने धनवंतरी मार्ग स्थित अत्यंत जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण भवन को पोकलेन मशीन की सहायता से हटाया गया है। नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। भवन स्वामी मुकुल चोबले को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नगर निगम की और से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि नगर निगम द्वारा भवन की खतरनाक स्थिति को देखते हुए पूर्व में ही भवन स्वामी को नोटिस जारी कर सूचित किया गया था। साथ ही भवन पर सूचना फ्लेक्स भी लगाए गए थे, जिनके माध्यम से भवन की जर्जर एवं खतरनाक स्थिति के संबंध में चेतावनी दी गई थी। देर रात कार्रवाई करने के पीछे बताया गया है कि संभावित दुर्घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य एवं यातायात एवं आवागमन बाधित न हो इस लिए इसे रात में अंजाम दिया गया। उक्त कार्रवाई भवन अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू, सहायक यंत्री अर्जुन राजपूत एवं भवन निरीक्षक आनंद परमार के नेतृत्व में नगर निगम की रिमूवल गैंग द्वारा की गई।

सीवरेज कार्यों की समस्या का तत्काल समाधान हो-  महापौर मुकेश टटवाल ने गुरुवार को सीवरेज प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवरेज कार्यों के कारण शहर के किसी भी वार्ड में नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। सीवरेज संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा जहां भी समस्या सामने आए, वहां बिना विलंब कार्रवाई की जाए। जहां चैंबर ओवरफ्लो होने की समस्या आ रही हे उसका तत्काल समाधान किया जाए। जिन स्थानों पर चैंबर तक हाउस कनेक्शन नहीं जोड़े गए हैं, वहां कनेक्शन जोड़ने की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए। इसके साथ ही सीवरेज चैंबर एवं कार्यों के दौरान खोदे गए गड्ढों की मरम्मत भी प्राथमिकता से की जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

बाजारों का संचालन सुगम बनाने के निर्देश –त्योहारों एवं पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए महापौर मुकेश टटवाल ने गुरुवार को नगर निगम के बाजार वसूलीकर्ताओं के साथ बैठक कर शहर के बाजारों में लगने वाली दुकानों एवं बाजारों के सुगम संचालन को लेकर चर्चा की। निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान व्यापारियों के रोजगार एवं व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े तथा बाजारों में व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो। इसके साथ ही नागरिकों को आवागमन एवं यातायात में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

नगर निगम का विशेष सम्मिलन आज-उज्जैन नगर पालिक निगम का विशेष सम्मिलन शुक्रवार 30 अक्टूबर  को समय प्रातः 11.30 बजे से पंडित अटल बिहारी वाजपेई सभागृह छत्रपति शिवाजी भवन उज्जैन नगर पालिक निगम के सभागृह में आयोजित किया जाएगा। जिसमें विचारार्थ रखे जाने वाले 27 प्रकरणों पर चर्चा की जाएगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment