सारंगपुर।त्योहारों का सीजन, मंडियों में पहुंचने लगी किसानों की फसल और सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहन… इन सबके बीच सारंगपुर की यातायात व्यवस्था लडखडाने लगी है। नगर के प्रमुख मार्ग पुराने एबी रोड पर वाहनों का दबाव बढने से आए दिन जाम जैसे हालात बन रहे हैं। बुधवार को बस स्टैंड चौराहे से थाने के पास मालवा ट्रेडर्स के सामने तक वाहनों की कतारें लग गईं। काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो सका, तब जाकर वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
सड़क पर वाहन, रास्ते में रुकती रफ्तार-इन दिनों त्योहारों के चलते बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ी है। वहीं किसानों की फसल भी बाजार और मंडियों तक पहुंचने लगी है। इसके कारण नगर के प्रमुख मार्गों पर दोपहिया वाहनों से लेकर बसों, ऑटो और मालवाहक वाहनों की आवाजाही बढ गई है। ऐसे में पुराने एबी रोड पर सडक किनारे और बीच रास्ते में बेतरतीब खडे वाहन यातायात में बाधा बन रहे हैं। बुधवार को भी यही स्थिति देखने को मिली। बस स्टैंड चौराहे से थाने के पास मालवा ट्रेडर्स के सामने तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पडा।
त्योहारों में बढेगी भीड, व्यवस्था सुधारने की जरूरत-त्योहारों के दौरान बाजार में भीड और कृषि उपज की आवक को देखते हुए आने वाले दिनों में यातायात का दबाव और बढने की संभावना है। ऐसे में पुराने एबी रोड पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना चुनौती बन सकता है। यदि समय रहते बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने, प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रण और मालवाहक वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आम नागरिकों की परेशानी बढ सकती है।
सवाल यह है कि जब हर साल त्योहारों और फसल सीजन में ऐसे हालात बनते हैं, तो यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए स्थायी इंतजाम क्यों नहीं किए जाते? नगरवासियों को उम्मीद है कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान देंगे, ताकि बाजार आने वाले लोगों, किसानों और वाहन चालकों को बार-बार जाम में न फंसना पडे।
एबी रोड पर वाहनों का जमावडा, बस स्टैंड चौराहे से थाने तक लगा जाम, राहगीर होते रहे परेशान