लोड शेडिंग से बेहाल ग्रामीण व कस्बाई अंचल, कलेक्टर से व्यवस्था सुधारने ने की मांग

 सारंगपुर।ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में इन दिनों लोड मैनेजमेंट के नाम पर की जा रही अघोषित एवं भीषण बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्रामीण व कस्बाई इलाकों में सुबह से लेकर देर रात तक घंटों बिजली गायब रहने से न केवल लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि छोटे-छोटे व्यवसायों और कृषि कार्यों पर भी इसका गहरा विपरीत असर पड रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों की पढाई और बुजुर्गों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है।
बिजली कटौती से आक्रोशित नागरिकों ने की शिकायत-विद्युत वितरण कंपनी की इस मनमानी और लगातार हो रही कटौती से आजिज आकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुँचा। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रमोद सदानी एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप सादानी के नेतृत्व में नागरिकों ने कलेक्टर डॉ. गिरिश मिश्रा से मुलाकात की और बिजली संकट की विकराल स्थिति से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए श्रीसादानी ने बताया कि बिजली विभाग लोड मैनेजमेंट के बहाने रोजाना घंटों कटौती कर रहा है, जिससे कस्बाई और देहाती क्षेत्रों में जलापूर्ति भी ठप हो गई है। परीक्षा सिर पर होने के कारण विद्यार्थियों की पढाई बाधित हो रही है, वहीं कुटीर उद्योग और व्यापारी वर्ग का कामकाज पूरी तरह ठप पडा हुआ है। बार-बार निवेदन करने के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में कैलाश पाजूत, अखिलेश राठी, राधेश्याम वर्मा सहित बडी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं व्यापारी उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द ही बिजली कटौती पर रोक नहीं लगाई गई और सुचारू आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो जनता सडकों पर उतरने को मजबूर होगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment