खरगोन। जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े मामले को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शीला पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय पर प्रभावी प्रदर्शन किया गया। यहां महिलाओं ने नारेबाजी कर इस मामले में राहुल गांधी की चुप्पी पर नाराजगी दर्ज कराते हुए आक्रोश जताया। महिलाओं ने राहुल गांधी के पुतले की चप्पल से पिटाई करने के बाद आग के हवाले किया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर मामले पर जवाब मांगा। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकॉइजाम की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बर्खास्त करने के नारे लगाए।
मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि राहुल गांधी सार्वजनिक मंचों से महिला अधिकारों और सम्मान की बात करते हैं। ऐसे में कांग्रेस सांसद से जुड़े मामले में पार्टी को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पूर्वा व्यास ने कहा कि महिला सम्मान का मुद्दा केवल राजनीतिक भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जवाबदेही के स्तर पर भी दिखाई देना चाहिए। छात्राओं को न्याय मिलना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को उसके राजनीतिक प्रभाव के आधार पर जवाबदेही से ऊपर नहीं माना जा सकता। भाजपा महिला मोर्चा की मांग है कि मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई हो। यह केवल राजनीतिक आरोप.प्रत्यारोप नही महिलाओं की गरिमा से जुड़ा सवाल है।इस दौरान पार्षद बेबी मण्डलोई, पार्षद संध्या दांगी, गीतांजलि तिवारी, मीनाक्षी मुछाल, किरण रघुवंशी, जिला उपाध्यक्ष शम्भूसिंह मनहर, मंडल अध्यक्ष अभिलाष अत्रे, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोष सोलंकी, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर भालसे, सतनाम कुशवाह, अमित मौर्य, पुरुषोत्तम सोनी आदि महिलाएं मौजूद रहे।
जेएनयू मामले में भाजपा महिला मोर्चा ने फूंका पुतला, राहुल गांधी की चुप्पी पर जताया आक्रोश