उज्जैन। वर्ष में एक बार महाकाल मंदिर से निकलने वाली उमा माता की सवारी आज शाम 4 बजे निकाली जायेगी। इससे पहले दोपहर 2 बजे से सवारी मार्ग पर यातायात व्यवस्था को परिवर्तित कर दिया जायेगा।
यातायात डीएसपी दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि शाम 4 बजे महाकाल मंदिर से निकली वाली उमा माता और भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी महाकाल मंदिर से प्रारंभ होकर महाकाल घाटी चौराहा, तोपखाना, दौलतगंज चौराहा, नई सड़क, कंठाल, सराफा, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी, बक्षी बाजार, कार्तिक चौक, मोढ़ की धर्मशाला, रामानुजकोट होते हुए क्षिप्रा नदी के रामघाट पहुंचेगी। वापसी में सवारी कहारवाड़ी, बक्षी बाजार और महाकालरोड से मंदिर आयेगी। सवारी से पहले दोपहर 2 बजे से इंदौरगेट से नई सड़क जाने वाले वाहन देवासगेट, चामुंडा माता मंदिर और कोयला फाटक चौराहे से बियाबानी होकर निकास चौराहे की ओर जा सकेंगे। निकास चौराहे से इंदौरगेट जाने वाले वाहन तेलीवाड़ा और कंठाल के बजाय बियाबानी, कोयला फाटक चौराहा तथा चामुंडा माता मंदिर चौराहे से होकर इंदौरगेट पहुंच सकेंगे।
इन मार्गो पर वाहनों का रहेगा प्रतिबंध
दोपहर 2 बजे से चक्रतीर्थ से दानीगेट होकर रामानुजकोट, हरसिद्धि पाल की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दौलतगंज चौराहा से तोपखाना, महाकाल घाटी और गुदरी चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को भी प्रतिबंधित किया गया है। का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कमरी मार्ग से गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी चौराहा, पानदरीबा से कार्तिक चौक और दानीगेटसे कार्तिक चौक की ओर आने वाले मार्गो पर वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। यातायात पुलिस ने अपील करते हुये कहा है कि वाहन चालक नियमों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिये वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
महाकाल मंदिर से शाम 4 बजे निकलेगी उमा माता की सवारी -आज दोपहर 2 बजे से मार्गो पर बदलेगी यातायात व्यवस्था