धार। काकड़ा नदी में पत्थरों के बीच मिले एक व्यक्ति के शव के मामले में धामनोद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते कुल्हाड़ी से हमला कर बंशीलाल चौहान (45) की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर को थाना धामनोद क्षेत्र के खेकड़ीपुरा स्टॉप डैम के पास काकड़ा नदी में पत्थरों के बीच एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। इस दौरान भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर जब्त किए गए। मृतक की पहचान खेकड़ीपुरा निवासी बंशीलाल पिता नाथू चौहान के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद भेजा गया।
जांच के दौरान सामने आए आरोपी-मामले में फरियादी प्रकाश चौहान की रिपोर्ट पर थाना धामनोद में अपराध क्रमांक 492/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। लगातार जांच के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान केशरसिंह पिता छोगालाल चौहान (45) और देवीलाल पिता हरेसिंह चौहान (32), दोनों निवासी खेकड़ीपुरा, ने पुरानी रंजिश के चलते बंशीलाल की कुल्हाड़ी से हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुरानी रंजिश में की थी बंशीलाल चौहान की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त