महिदपुर।नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी महिदपुर द्वारा प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार के निर्देश पर क्षेत्रीय विधायक दिनेश जैन बोस के नेतृत्व में तहसील कार्यालय स्थित निर्वाचन कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई।कार्यक्रम से पूर्व, विधायक दिनेश जैन बोस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर चौक स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 6 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित प्रजातंत्र बचाओ मार्च के दौरान राहुल गांधी के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान की आवाज दबाने का प्रयास बताया।इस अवसर पर विधायक दिनेश जैन बोस ने कहा कि राहुल गांधी के साथ पुलिस द्वारा किया गया व्यवहार शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संविधान की आवाज को दबाना चाहती है। कांग्रेस की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी।प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तहसीलदार संतुष्टि पाल को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार की कथित तानाशाही पर रोक लगाने तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई। अंत में तहसील कार्यालय परिसर के बाहर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया गया।
राहुल गांधी के साथ पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन:निर्वाचन आयुक्त का पुतला जलाया