कक्षा 10 वीं के छात्र की कार्डियक अरेस्ट से मौत -बस स्टॉप पर छोड़ने आई थी, परिवार का था एकलौता पुत्र

उज्जैन। कक्षा 10 वीं में अध्ययन करने वाले छात्र के साथ सोमवार सुबह स्तब्ध करने वाली घटना हो गई। मां उसके बस स्टॉप पर छोड़ने आई थी। छात्र ने बस में बैठने के लिये दौड़ लगाई, लेकिन गिर पड़ा उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट से निधन होना बताया। खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। छात्र एकलौता पुत्र था।
घटनाक्रम श्रीकृष्ण कालोनी के बाहर का है। कालोनी में रहने वाला 16  साल का विधान कुशवाहा सेंट थॉमस स्कूल में कक्षा 10 वीं का छात्र था। सुबह मां आशा उसे कालोनी के बाहर बस स्टॉप पर छोड़ने आई थी। बस के रूकते ही विधान ने दौड़कर बस में बैठने का प्रयास किया लेकिन वह गिर पड़ा। मां उसे उठाने के लिये दौड़ी, कुछ लोगों ने मदद की, लेकिन विधान ने आंखे नहीं खोली उसे पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट से निधन होने की जानकारी दी। खबर सुनते ही परिवार की आंखों से आंसू फूट पड़े। विधान परिवार का एकलौता पुत्र था। घटनाक्रम के बाद सामने आया कि विधान कुछ महिनों का था उस दौरान मां कविता का निधन हो गया था। पिता रितेश कुशवाह पत्नी के निधन से टूट गये थे। विधान काफी छोटा था। जिसके चलते पिता के बड़े भाई संजय कुशवाहा और भाभी आशा जिनकी संतान नहीं थी उन्होने विधान को अपना बेटा बना लिया था। विधान उनकी गोद में बड़ा हुआ था। परिवार फल का व्यवसाय करता है। विधान के निधन के बाद सामने आया कि वह पढ़ाई में काफी होनहार था। उसकी खेलों में रूचि थी। वह पढ़ाई के साथ कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीत चुका था। जैसे ही विधान का निधन होने की खबर स्कूल और उसके साथ पढ़ने वालों को मिली तो माहौल गमगीन हो गया। कालोनी में सभी की आंखे नम हो गई थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment