5 किलो तांबे की पाइप लाइन बरामद, पुलिस ने भेजा जेल गिरफ्त में मस्जिद में चोरी करने वाला बदमाश

उज्जैन। दिनदहाड़े मस्जिद में चोरी करने वाला बदमाश पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उसकी निशानदेही पर मस्जिद से चुराई गई एयर कंडीशन की तांबे से बनी 5 किलो की पाइप लाइन बरामद की गई है। बदमाश पूर्व में भी चोरी कर चुका था।
चामुंडा माता चौराहा अल्लाह करीम मस्जिद में 28 दिन पहले चोरी की वारदात हो गई थी। बदमाश एयर कंडीशन की तांबे से बनी पाइप लाइन के साथ  2 क्वाइल चुराकर ले गया था। मस्जिद के सचिव की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने धारा 303(2), 305(ए) का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया था। चोरी दिनदहाड़े होना सामने आई थी, वहीं बदमाश सीसीटीवी कैमरे तांबे की पाइप लाइन लेकर जाता दिखाई दिया था। जिसकी पहचान कर लगातार तलाश की जा रही थी। 28 दिन बाद पुलिस ने आगररोड रेलवे क्वार्टर के पास से  शादाब उर्फ खलीफा पिता अब्दुल 26 वर्ष निवासी जुना सोमवारिया हाल मुकाम अहमद नगर मदरसे के पास थाना चिमनगंज को गिरफ्तार किया। जिससे पूछताछ के बाद चोरी की गई 5 किलो वजनी तांबे की पाइप लाइन बरामद की गई। सीएसपी संजू चौहान ने बताया कि आरोपी से बरामद चोरी का मश्रुका 9 हजार कीमत का है। जिसकी गिरफ्तारी के लिये टीआई दिनबंधुसिंह तोमर के नेतृत्व में  एसआई गोपाल सिंह राठौर, आरक्षक हेमराज और ऋषिकेश तोमर की टीम गठित की गई थी। आरोपी पूर्व में तोपखाना स्थित मस्जिद में चोरी को अंजाम दे चुका था। उसके खिलाफ चोरी नकबजनी के चार मामले दर्ज है। टीआई तोमर ने बताया कि चोरी का मामल बरामद होने पर सोमवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
इधर चोरों की तलाश में देख रहे फुटेज
तीन दिन पहले नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के वृदांवनधाम कालोनी में 3 से 4 मकानों में ताला तोड़कर चोरी की वारदात होना सामने आया था। पुलिस ने चोरों का पता लगाने के लिये क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखना शुरू किये थे। जिसके माध्यम से चोरों की संख्या 3 होना सामने आई थी। चोरों ने वृदांवनधाम कालोनी में ताले तोड़ने से पहले मोतीबाग क्षेत्र से एक्टिवा चोरी की थी। जिसे वृदांवनधाम कालोनी में छोड़कर वहां से एक बाइक चुराकर भाग निकले थे। पुलिस जांच में बाइक चोरी के साथ हजारों की आभूषण चोरी होना सामने आया था। 2 दिनों से पुलिस चोरों के भागने वाले रूट को ट्रेस किया जा रहा है। फिलहाल उनके इंदौर की ओर जाने की जानकारी सामने आई है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment