इंदौर। 20 साल की कॉलेज छात्रा ने शनिवार देर रात अपने 75 वर्षीय दादा के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में छात्रा ने अपने दादा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि दादा उस पर गलत नजर रखते थे। कई बार अश्लील हरकतें कर चुके, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा शनिवार रात बुलेट से अपने दादा-दादी के घर आई थी और वहीं रुक गई। रात में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने क्रिकेट बैट उठाकर दादा के सिर पर कई वार किए। जब मृतक की पत्नी ने उन्हें खून से लथपथ देखा तो चीख-पुकार मचाई। परिजन तुरंत उन्हें अरविंदो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक, दादा एसएएफ से रिटायर थे। वह पत्नी के साथ अलग रहते थे, जबकि छात्रा (पोती) अपने माता-पिता के साथ महालक्ष्मी नगर में रहती है। पुलिस की पूछताछ में छात्रा ने बताया कि उसके दादा काफी समय से उस पर बुरी नीयत रख रहे थे और अश्लील हरकतें कर रहे थे। लोक-लाज और परिवार की बदनामी के डर से उसने यह बात किसी को नहीं बताई थी, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चला गया तो उसने दादा की हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, युवती ने अपने दादा पर अश्लील हरकत करने के आरोप लगाए हैं। इसकी जांच की जा रही है। मामले की तह तक पहुंचने और हत्या की वास्तविक परिस्थितियों को समझने के लिए छात्रा से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की जा रही है।