उज्जैन। सोमवार को हुए पथराव की घटना के बाद शाही मस्जिद क्षेत्र को पूरी तरह से पुख्ता सुरक्षा घेरे में ले रखा गया है। बुधवार को इसके आसपास के 500 मीटर दायरें में विडियों-फोटोग्राफी पर रोक लगा दी गई है। चौडीकरण में आ रहे भाग को समाजजन ही हटा रहे हैं उन्होंने मिनार से सटाकर मचान लगाया है और उसके बाद काम की शुरूआत की गई है। सोमवार को पथराव की घटना में शामिल खाराकुआ थाना पुलिस की गिरफ्त में आए 10 आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
मस्जिद के चौडीकरण के हिस्से को हटाने का काम तीसरे दिन भी समाजजनों की और से जारी रहा है। बुधवार पूर्वान्ह में समाजजनों ने लोहे के पाईपों से मचान लगाया था जिसके आधार पर उपर की और तुडाई के काम को अंजाम देने की शुरूआत की गई थी। क्षेत्र में चारों और बेरिकेडस लगाए गए हैं और पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
एहतियात बतौर 500 मीटर दायरे में आवाजाही रोकी-
एसपी गुरूप्रसाद पाराशर के अनुसार समाजजनों के कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान न हो और आवाजाही में कोई हताहत न हो इसे देखते हुए 500 मीटर दायरे में फोटो एवं विडियोग्राफी के साथ आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
ज्यादातर दुकानों का ही भाग –
तोडा जा रहा हिस्सा तल स्थित दुकानों का ही है। चौडीकरण में आ रहे भाग में ही ये हैं। तुडाई का काम तीसरे तल से नीचे की और किया जा रहा है। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राजकुमार राठौर के अनुसार मास्टर प्लान के अनुसार ही छत्री चौक से गोपाल मंदिर की और अगले हिस्से में 2.7 मीटर एवं अंत में 1.4 मीटर भाग शामिल है जिसका नोटिस दिया गया था। इस काम के चलते क्षेत्र की दुकानों भी प्रभावित हुई हैं। काम तकनीकी रूप से संवेदनशील होने के कारण इसे समाजजन चरणबद्ध तरीके से पूरे सुरक्षित रूप से अंजाम दे रहे हैं। शहर काजी खलिकुर्रहमान के अनुसार पांचों दैनिक नमाज समाजजन यहां अंजाम दे रहे हैं ।
10 आरोपी गए जेल-
बुधवार को खाराकुआ थाना पुलिस ने सोमवार को दर्ज अपराध क्रमांक 170/2026 में सोशल मीडिया के माध्यम से रील/वीडियो बनाकर अपलोड करने, विरोध प्रदर्शन करने एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने , अपराध क्रमांक 171/2026 में टंकी चौराहा पर एकत्रित होकर पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने , अपराध क्रमांक 172/2026 में मावा बाजार में एकत्रित होकर पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं जिलादंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने के तीन अलग –अलग मामलों में करीब 2 दर्जन आरोपी बनाए हैं। सीएसपी कोतवाली संजू चौहान के अनुसार बुधवार को इन आरोपियों का खाराकुआ थाना पुलिस ने मेडिकल करवाने के पश्चात न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी न्यायालय में पेश किया था जहां से आरोपी अरसद हुसैन पिता सब्बीर, कोर्ट मोहल्ला,इशान पिता मुबारिक खान, मिल्कीपुरा, तैय्यब पिता मो. गनी, आगर नाका, सलमान पिता आजाद, अहमद नगर, कासिम पिता रिजवान, बेगमबाग , आशिक पिता इकबाल अब्दुल , मसद्दीपुरा, साहिल खान पिता अब्दुल रसीद, जयसिंहपुरा, शाविर पिता अकरम, गणेश कॉलोनी, शेख अल्फेज पिता आशिम, गरीब नवाज कॉलोनी, समीर पिता मुबारिक, शंकरपुर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।