उज्जैन। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर महिला यात्रियों के साथ चैन स्नेचिंग करने वाली पश्चिमी बंगाल की 6 सदस्यों की गैंग को जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया था। गैंग के पांच सदस्यों को रिमांड पर लिया गया है। वहीं गैंग के सरगना की तलाश में एक टीम पश्चिम बंगाल रवाना की गई है।
जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि विगत तीन से चार माह में रेलवे स्टेशन उज्जैन और चलती ट्रेनों में महिला यात्रियों के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र झपटकर चोरी करने की कई घटनाएं सामने आई थीं। मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई थी। आरपीएफ निरीक्षक नरेंद्र यादव की टीम के साथ प्लेटफार्मो पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये थे। जिसके आधार पर पश्चिम बंगाल की गैंग को गिरफ्तार किया गया। जिसमें राखी पिता राजेंद्र, राहुल पिता आलमगीर, अभिजीत पिता शंकर, रोहन पिता अर्जुन, सोमनाथ पिता नयन, नेपाल पिता दुलाल को गिरफ्तार किया गया था। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां महिला आरोपिया को जेल भेजकर शेष 5 आरोपियों को 8 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि गैंग में अन्य सदस्य भी शामिल है। आरोपियों से सरगना की जानकारी भी मिली। जिसके चलते सोमवार को एक टीम सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश में पश्चिम बंगाल रवाना की गई है। संभावना है कि सरगना और अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होगें।
सरगना की तलाश में पश्चिम बंगाल गई जीआरपी