उज्जैन। अंकपात मार्ग पर शुक्रवार तड़के नगर निगम की गाड़ी बेकाबू हो गई। दोपहिया वाहनों को रौंदती हुई गाड़ी एक दुकान में जा घुसी, गनीमत रही कि सुबह का समय होने पर बड़ी जनहानि नहीं हुई।
जीवाजीगंज थाना पुलिस ने बताया कि अंकपात मार्ग पर सुबह 5 बजे तेजगति से दौड़ती नगर निगम की गाड़ी ने सड़क किनारे खडी एक्टिवा और बाइक को रौंदते हुये हाथ ठेले को टक्कर मारी और एक दुकान में जा घुसी। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले। गाड़ी में 2 व्यक्ति सवार थे, जो एक घायल हुआ था उसे अस्पताल भेजा गया लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद वह चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस अंकपात मार्ग पहुंची। कपड़ो की दुकान कमल पोरवाल द्वारा संचालित की जाना सामने आया। गाड़ी के दुकान में घुसने पर शटर टूट गया था और दीवारी भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। हाथ ठेला अजय राठौर का था वहीं दोपहिया वाहन पोरवाल के परिवार के बताये गये। पुलिस के अनुसार अलसुबह का समय होने के चलते मार्ग पर आवागमन कम था, जिसके चलते बड़ी जनहानि नहीं हुई है। दुकानदार कमल पोरवाल ने बताया कि रात में वह दुकान में सोते है, अचानक आवाज सुनकर नींद खुली तो शटर टूटा हुआ था, और गाड़ी अंदर घुसी हुई थी। थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि मामले में गाड़ी क्रमांक एमपी 13 झेड झेड 6705 के चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। चालक और उसके साथी का पता लगाया जा रहा है। इतनी सुबह दोनोंं निगम का वाहन लेकर कहां जा रहे थे, इसका पता दोनों की गिरफ्तारी के बाद पता चल पायेगा। अलसुबह हुये घटनाक्र्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
वाहनों को रौंदती दुकान में घुसी नगर निगम की गाड़ी