खाचरोद :– जनपद पंचायत में वर्षों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कई पद रिक्त होने से 130 पंचायतों का जनकल्याणकारी कार्य प्रभावित हो रहा है। जनपद पंचायत अध्यक्ष कुंवर पृथ्वीराजसिंह पंवार ने मुख्यमंत्री, पंचायतमंत्री एवं सीईओ जिला पंचायत को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि विकासखंड अधिकारी 1, खंड पंचायत अधिकारी 1, सहायक विकास विस्तार अधिकारी के 7 पद, पंचायत समन्वयक के 6 पद, सहायक ग्रेड–2 विकासखंड का 1 पद, सहायक ग्रेड–3 जनपद के 4 पद, भृत्य के 2 पद कुल 22 पद जनपद में वर्षों से रिक्त पड़े हैं। पंवार ने पत्र में इस और भी ध्यान आकर्षित कराया है कि कई बार पूर्व में भी इस संबंध में अवगत कराया गया लेकिन आज भी स्थिति ज्यों कि त्यों ही बनी हुई है। फलस्वरुप सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है इसके चलते अंतिम व्यक्ति को जो शासन की योजना का लाभ मिलना चाहिए पदपूर्ति के अभाव मैं पात्र व्यक्ति वंचित रह रहे हैं। पंवार ने जनहित में रिक्त पदों की पूर्ति शीघ्र करने की मांग की है ताकि शासन की तमाम योजनाओं का लाभ ग्रामीणजनों को आसानी के साथ मिल सके।