बाजना के जंगल में मिले तेंदुआ के पीएम में पेट खाली मिला : सभी अंग साबूत मिले ,शिकार की संभावना क्षीण

उज्जैन। रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुरा के जंगल में रविवार सुबह शरीर के पिछले भाग से गंभीर रूप से घायल एवं कमजोर तेंदुआ मिला था,वन विभाग के अधिकारी उसे उपचार के लिए ले गए थे जहां उसकी मौत हो गई थी। तेंदुआ की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इंस्टेटाईन एवं स्टमक खाली मिला है। उसके शरीर के पिछले हिस्से में चोंट के घाव मिले हैं जिनमें मैगट्स पाए गए हैं।मुख्य वन संरक्षक उज्जैन डा. किरण बिसेन ने बताया कि सूचना मिलने पर उन्होंने घटनास्थल का अवलोकन किया था। साथ ही उनकी उपस्थिति में ही पशु चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम करने के उपरांत मृत व्यस्क नर तेंदुआ का विभागीय नियम से शव का अंतिम क्रिया करवाई। इस दौरान सामने आया कि उसके दांत एवं नाखून पूरी तरह से साबूत मिले हैं। इससे शिकार की संभावना क्षीण है। इस बात की संभावन बन रही है कि अन्य वन्यजीव से संघर्ष की स्थिति में वह घायल हुआ हो और बाद में शिकार एवं खाने को नहीं मिल पाने के साथ ही शरीर के पिछले भाग में घाव में मैगट्स्‍ होने के कारण कमजोर होता चला गया। डा. बिसेन ने कहा कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद भी मृत तेंदुआ के सैंपल टाक्सीकोलाजी के लिए एकत्रित कर जबलपुर एवं इंदौर फारेंसिक लेब में अलग-अलग भेजे गए हैं। उनके अनुसार रतलाम जिले के जंगल में पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। ये तेंदुआ जिले के ही रिपोर्टेड तेंदुआ में शामिल रहा हो। उन्होंने कहा कि वैसे तो वन्य जीव में तेंदुआ अपने घावों को चाटकर ठीक कर लेता है लेकिन इस मामले में शरीर के पिछले भाग में ऐसे स्थान पर गंभीर चोंट थी जहां वो ठीक से जुबान से चाटने में सक्षम नहीं रहा जिसके कारण से उसे घाव में मैगट्स हुए।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment