शाजापुर। शहर के पुराने एबी रोड स्थित दुपाड़ा तिराहे पर वरदान अस्पताल के पास रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब ब्रेक रिपेयरिंग के लिए सड़क किनारे खड़ा सीमेंट से भरा ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गया। ढलान के कारण बेकाबू हुए ट्राले ने पास में खड़ी तीन कारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।ब्रेक सुधारते समय हट गया हैंडब्रेक-प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राले के ब्रेक सुधारने का काम सड़क किनारे किया जा रहा था। इसी दौरान हैंडब्रेक हटते ही भारी वाहन ढलान पर तेजी से आगे बढ़ने लगा। चालक ने ट्राले को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नियंत्रण में नहीं आ सका और कुछ ही दूरी पर खड़ी तीन कारों से जा टकराया।कारों में नहीं था कोई, टली बड़ी जनहानि-हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय तीनों कारों में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि वरदान अस्पताल के बाहर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में इस स्थान पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया-घटना की सूचना मिलते ही लालघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्राला चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे एसडीएम और तहसीलदार भी मौके पर रुके और घटना की स्थिति का जायजा लिया।
दुपाड़ा तिराहे पर ब्रेक रिपेयरिंग के दौरान अनियंत्रित हुआ ट्राला, तीन कारों को रौंदा