खरसौदकलां। क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों के साथ देसी-विदेशी शराब के अवैध कारोबार का सिलसिला जारी है। भाटपचलाना थाना पुलिस ने पिछले चार दिनों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों से 400 से अधिक क्वार्टर देसी शराब सहित हाथ से बनी कच्ची शराब जब्त की है।
भाटपचलाना थाना प्रभारी सत्येंद्रसिंह चौधरी ने बताया कि रतलाम जिले की ओर से सिनोद गांव तरफ से बाइक पर कच्ची शराब लेकर आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम दिनेश सोलंकी पिता लालू बताया। आरोपी के पास से बाइक पर 10 लीटर हाथ से बनी कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी नोगावा निवासी है और वर्तमान में रुनिजा में रहना बताया गया है।इसी प्रकार गुरुवार रात गश्त के दौरान खरसौदकलां सुंदराबाद फंटे पर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 6 पेटी देसी शराब के 300 क्वार्टर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम-पता चंदोडिया, थाना राजगढ़, जिला धार का बताया तथा वर्तमान में ढोलाना, तहसील बदनावर में रहना बताया।पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।