उज्जैन। खुद को महिदपुर का किंग बात कर अवैध वसूली का दबाव बनाने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पांच माह से उसकी तलाश की जा रही थी। अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि बदमाश शाहबुउद्दीन पिता मोईउद्दीन 32 साल निवासी आजाद गली केशरपुरा महिदपुर द्वारा अपने तीन साथियों के साथ पांच माह पूर्व अब्दुल वहाब उर्फ अब्दुल्ला शाह निवासी फकीर मोहल्ला का रास्ता रोककर खुद को महिदपुर का किंग बताते हुए कहा था कि यदि महिदपुर में रहना है तो हमारे घर पर लगे सीटीटीवी कैमरों के मेंटनेंस का खर्चा हर माह तुझे देना पडेगा, अभी 10 हजार देना होंगे। अब्दुल के मना करने पर चारों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में अवैध वसूली का प्रकरण दर्ज कर पूर्व में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया था।शाहबुउद्दीन लगातार महिदपुर तहसील से फरार चल रहा था। 5 माह बाद उसके महिदपुर आने की खबर मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। जिसे एक दिन की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया और घटनास्थल की तस्दीक कराकर मारपीट में प्रयुक्त लोहे का पाइप जप्त किया गया। रिमांड खत्म होने पर मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। थाना प्रभारी के अनुसार बदमाश के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, जानलेवा हमला, बलवा, चोरी, गालीगलौच, अवैध, हथियार, अवैध वसूली के 7 अपराध दर्ज है।
अवैध वसूली में शामिल 5 माह से फरार बदमाश गिरफ्तार