मुकेश सक्सेना
ब्यावरा-राजगढ़ ।
राजगढ़ में आयोजित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान-2026’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि ‘कपिल मुनि की तपोस्थली राजगढ़ जिला जल संचय के कार्यों में अग्रणी बना है। यह जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के अंतर्गत श्रेष्ठ कार्य करने वाले 6 जिलों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 19 मार्च से 30 जून तक 100 दिन के अभियान में कुएं, बावड़ी, तालाब, नदियों, अमृत सरोवर और प्राचीन जल स्त्रोतों के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया। यह प्रसन्नता का विषय है कि जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 में लगभग 10 हजार करोड़ लागत से 3 लाख 62 हजार के अधिक जल स्त्रोतों का पुनरोद्धार किया गया है। इन्हीं प्रयासों से देश के बड़े राज्यों में मध्यप्रदेश जल संरक्षण कार्यों में अग्रणी बना है।’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांगों को ट्राय साइकिल और महिलाओं को स्कूटी की चाबी दी। इस दौरान राजगढ़ जिले के पर्यटन विकास पर केंद्रित कॉफी टेबल बुक का अनावरण भी हुआ। इस दौरान उन्होंने राजगढ जिले को 352.65 करोड के विकास कार्यों की सौगात दी।
राजगढ को मिली विकास की सौगात-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के विकास को नई दिशा देने वाली अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं से सारंगपुर, पचोर एवं आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत संरचना, धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क तथा नगरीय विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि सारंगपुर नगर में रेडेंसिफिकेशन योजना के अंतर्गत जीर्ण-शीर्ण शासकीय भवनों एवं आवासों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही शासन संधारित अंबे माता मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसे और अधिक आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवीन स्वीकृत फोर लेन मार्ग के समीप हाउसिंग बोर्ड द्वारा आधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में सुनियोजित नगरीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पचोर एवं सारंगपुर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न सड़कों का निर्माण कराने की घोषणा भी की। साथ ही सारंगपुर-संडावता मार्ग पर उतावली नदी पर नवीन पुल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा। उन्होंने करौंदी से हीरापुरा तक लगभग दो किलोमीटर सड़क निर्माण सहित क्षेत्र के अन्य आवश्यक मार्गों के निर्माण की भी घोषणा की। धार्मिक एवं पर्यटन विकास को प्रोत्साहन देते हुए मुख्यमंत्री ने भैंसवा माता लोक के विकास, निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से जिले के नागरिकों में उत्साह का वातावरण है तथा इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर आवागमन और धार्मिक पर्यटन को व्यापक बढ़ावा मिलने की अपेक्षा है।
विक्रम उद्योगपुरी में पेप्सिको संयंत्र का उद्घाटन
उज्जैन।मंगलवार दोपहर में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने विक्रम उद्योगपुरी स्थित पेप्सिको के मध्यप्रदेश कंसंट्रेट विनिर्माण ग्रीनफील्ड संयंत्र का उद्घाटन विडियो कांफ्रेंसिंग से जुडते हुए किया। इस दौरान उन्होंने भगवान अवंतिका नाथ श्री महाकालेश्वर महाराज की जय का उद्घोष करते हुए कहा कि बाबा महाकाल और हर मनोकामना पूरी करने वाली हरसिद्धी मैया की कृपा से आज मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास की दिशा में मील का पत्थर स्थापित कर रहा है। खासतौर पर आज का दिन हमारा मालवा औद्योगिक विस्तार का इतिहास लिख रहा है। मैं ढेरों बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।इस स्वर्णिम अवसर पर मैं आपके बीच भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हो पाया लेकिन मेरा हृदय वहीं है। मैं कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और भाइयों-बहनों का हृदय से स्वागत और अभिनंदन करता हूं।
हमारे लिए गौरव का विषय है कि पेप्सिको इंडिया के सीईओ श्री जागरूत कोटेचा जी और वाइस प्रेसिडेंट श्री एवन नॉर्टन जी हमारे बीच उपस्थित हैं। मैं आपका और आपकी पूरी टीम का मध्यप्रदेश में हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करता हूं। आपने मध्य प्रदेश की प्रशासनिक शुचिता, कानून-व्यवस्था और सुगम प्रणाली पर जो अटूट विश्वास जताया है उसके लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। आपको भरोसा दिलाता हूं कि 1 हजार 225 करोड़ का विशाल निवेश आपके लाभ का वट वृक्ष बनेगा।