उज्जैन। सड़क चौड़ीकरण के दौरान बनाई जा रही नाली में गिरने से वृद्धा के साथ सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नाली निर्माण के लिए लगाया गया सरिया वृद्धा का पेट फाड़ कर आर पार हो गया। लोगों ने सरिया काटकर वृद्धा को निकाला। महापौर अस्पताल लेकर पहुंचे। वृद्धा की हालत चिंताजनक बनी हुई है।देसाई नगर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के साथ ही नाली का निर्माण किया जा रहा है इस दौरान मक्सी रोड की रहने वाली प्रेमलता हरिया निर्माणाधीन नाली के पास से गुजरने का प्रयास कर रही थी इस दौरान संतुलन बिगड़ने पर नाली के गड्ढे में जा गिरी। नाली में खड़े सरिया लगे हुए थे एक सरिया पीठ के रास्ते पेट के आर पार हो गया। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण के लिए लगा सरिया काटकर वृद्धा को बाहर निकाला। मौके से महापौर मुकेश टटवाल गुजर रहे थे। उन्हें घटना की जानकारी लगी तो तत्काल वह वृद्धा को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने सर्जरी के बाद सरिया निकाल दिया है लेकिन वृद्धा प्रेमलता बाई की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि प्रेमलता बाई घरेलू कामकाज करती हैं और वह दोपहर में काम करने के बाद वापस लौट रही थी। हादसे की जानकारी लगते ही नगर निगम के अधिकारी और पार्षद भी अस्पताल पहुंच गए थे। परिवार भी जानकारी लगने पर अस्पताल पहुंच गया था। शहर में चारों ओर चल रहे सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण के कार्य आवागमन में परेशानी का कारण बने हुए हैं।
देसाई नगर में वृद्धा के पेट में घुसा सरिया – महापौर अस्पताल लेकर पहुंचे, हालत चिंताजनक