सिटी बस पास महंगा होने से छात्र नाराज:किराया 600 रुपए हुआ, पास योजना बंद होने से बढ़ें दाम

इंदौर।सिटी बस के पास के दाम बढ़ने से स्टूडेंट्स से लेकर बुजुर्गों तक में नाराजगी हैं। जो पास उन्हें पहले कम कीमत में मिलता था अब उसकी कीमत तीन गुना हो गई है। ऐसे में स्टूडेंट्स का सवाल है कि हम रोज कॉलेज आना-जाना कैसे करेंगे। खासकर वे स्टूडेंट्स जो शहर के बाहर के हैं और इंदौर में रहकर पढ़ाई करते हुए इन बसों से सफर करते हैं। देखा जाए तो महापौर पास योजना बंद होने से ये बदलाव देखने को मिल रहा है।पास की कीमत में बढ़ोतरी होने से इन बसों में सफर करने वाले स्टूडेंट्स में नाराजगी है। इसे लेकर गुरुवार को उन्होंने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और पास की कीमत के दाम कम करने की मांग की।रोजाना बड़ी संख्या में लोग बसों में सफर करते हैं।

इस कारण बढ़ी कीमत-सिटी बसों के स्पेशल पास महापौर योजना के तहत पहले छात्रों को 200 रुपए में मिलते थे, जबकि सामान्य पास 1200 रुपए का था। योजना बंद होने के बाद स्पेशल पास की कीमत भी 1200 रुपए हो गई, हालांकि एआईसीटीएसएल की 50% सब्सिडी के चलते फिलहाल यह पास 600 रुपए में दिया जा रहा है।दरअसल, पहले प्रदेश में सिटी बसों का संचालन नगरीय विकास विभाग के तहत नगर निगम के माध्यम से होता था, लेकिन नए बदलाव के बाद इसका संचालन परिवहन विभाग को सौंप दिया गया है। इसके चलते एआईसीटीएसएल भी अब नगर निगम के बजाय परिवहन विभाग के अधीन काम कर रहा है। माना जा रहा है कि इसी बदलाव के कारण नगर निगम द्वारा महापौर योजना बंद की गई है।AICTSL से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में करीब 120 इलेक्ट्रिक (आई-बस सहित), 150 सीएनजी और लगभग 130 डीजल बसें हैं। इनमें से कुछ बसें बंद हैं, जबकि फिलहाल शहर में 270 से ज्यादा बसें संचालित हो रही हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment