उज्जैन।खरगोन में व्यापारी दिलीप राठौड़ पर फायरिंग और 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने उज्जैन से बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिदपुर और घट्टिया क्षेत्र से आरोपियों को पकड़कर मामले में अब तक कुल 12 गिरफ्तारियां की हैं।खरगोन पुलिस ने महिदपुर रोड स्थित गायत्री नगर निवासी विष्णु मालवीय और घट्टिया क्षेत्र के बिछड़ौद निवासी संदीप प्रजापति को गिरफ्तार किया है। दोनों पर फरार आरोपी को पनाह देने और शूटर से मिलवाने में भूमिका निभाने का आरोप है।3 अप्रैल को पकड़े गए आरोपी से मिला सुराग-इस मामले में पुलिस ने 3 अप्रैल को नागदा के रत्नाखेड़ी निवासी राजपाल को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद ही उज्जैन से अन्य आरोपियों तक पहुंच बनी।पुलिस जांच में सामने आया है कि विष्णु मालवीय ने फरारी के दौरान राजपाल को अपने घर में छिपाकर रखा था। वहीं अन्य आरोपियों ने शूटर से संपर्क कराने और वारदात में सहयोग किया।पिस्टल, कार और बुलेट जब्त-पुलिस ने आरोपी राजपाल के पास से पिस्टल, एक कार और बुलेट बाइक जब्त की है। इनका उपयोग वारदात और फरारी में किया गया था।10 करोड़ की फिरौती के लिए फायरिंग-व्यापारी दिलीप राठौड़ के घर पर गोलीबारी कर आरोपियों ने 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था।पुलिस के अनुसार, मामले में शूटर, रेकी करने वाले, संसाधन उपलब्ध कराने वाले और गैंग से जुड़े कुल 18 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।