उज्जैन। वृद्ध महिला के साथ हुई ठगी की वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में निकली देवासगेट थाना पुलिस को मुज्जफरपुर का संदिग्ध मिला। पूछताछ करने पर उससे अहमदाबाद से चुराई एक्टिवा और आईफोन चोरी का खुलासा हो गया। आरोपी के गिरफ्त में आने की सूचना अहमदाबाद पुलिस को दी गई है।
देवासगेट थाना प्रभारी अनिला पराशर शुक्रवार शाम थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला के साथ हुई कान के टॉप्स ठगने की वारदात में शामिल 2 बदमाशों की तलाश में टीम के साथ क्षेत्र में कैमरों के फुटेज देखे जा रहे थे और संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। उसी दौरान शनिवार को रेलवे स्टेशन के सामने होटल प्रीति पर एक संदिग्ध युवक मोबाइल पर बात करता दिखाई दिया। थाना प्रभारी ने शंका के आधार पर पूछताछ की तो वह होटल पर काम की तलाश में आना बताने लगा। उसकी भाषा बिहारी होने पर थाने लाया गया जहां उसका नाम मोह हननैन पिता मोहम्मद हुसैन 18 साल निवासी छोटी कल्याणी अमर सिनेमा रोड मुज्जफरपुर बिहार सामने आया। उससे सख्त पूछताछ की गई तो उसने अहमदाबाद से एक्टिवा और आईफोन चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह अहमदाबाद में इजहार सय्यैद की सोड़ा शॉप पर काम करता था। मालिक की एक्टिवा और मोबाइल चोरी कर भागा है। एक्टिवा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी की है। थाना प्रभारी पाराशर ने अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया तो पता चला मोह हसनैन के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज है। थाना प्रभारी पाराशर के अनुसार संबंधित थाना पुलिस को आरोपी के उज्जैन में पकड़ाने की सूचना दी गई। अहदाबाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने उज्जैन आ रही है।
ठगों की तलाश में निकली पुलिस को मिला चोरी का आरोपी -अहमदाबाद से एक्टिवा-आईफोन चुराकर हुआ था फरार