खाचरौद से इंदौर जा रही थी बारातियों से भरी बस पलटी -घायलों को खिड़की के कांच तोड़कर निकाला, 8 को लगी गंभीर चोंट

उज्जैन। इंगोरिया में शुक्रवार सुबह 11 बजे निर्माणाधीन मार्ग से तेजगति में गुजरती बारातियों से भरी बस पलट गई। हादसे के बाद खिड़की के कांच तोड़कर उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला गया। घटनाक्रम में 15 से 20  लोग घायल हुये। जिसमें 8 को ज्यादा चोंट लगने पर उज्जैन चरक अस्पताल लाया गया।
इंगोरिया थाना प्रभारी दिपेश व्यास ने बताया कि थाना क्षेत्र के उन्हेल-जहांगीरपुर मार्ग पर सुबह जाफरी टूर एंड ट्रेवल्स की बस सड़क मार्ग से नीचे उतरने के बाद पलटने की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बस में सवार लोगों को बाहर निकालने के लिये आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। बस की खिड़की के कांच तोड़े गये और लोगों को बाहर निकाला गया। करीब 18 से 20 लोगों को चोंट लगी थी, जिन्हे तत्काल एम्बुलेंस और निजी वाहनों के साथ डायल 112 से समीप सामुदायिक केन्द्र पहुंचाया गया। जहां अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर होना बताई गई। पांच को ज्यादा चोंट होने पर डॉक्टरों ने उन्हे उपचार के लिये चरक अस्पताल उज्जैन रैफर कर दिया। बस में सवार सभी मुस्लिम परिवार के सदस्य और रिश्तेदार थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि खाचरौद के रहने वाले है और मोहम्मद शेरू पिता मजीद हुसैन के बेटे वकार का निकाह होने पर इंदौर जा रहे थे। थाना प्रभारी के अनुसार घटनाक्रम के बाद चालक भाग निकला था, जिसके खिलाफ लापरवाही से बस चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने का प्रकरण दर्ज किया गया है।
घायलों में महिला-बच्चे शामिल
बताया जा रहा है कि घायलों में सबसे अधिक बच्चे और महिलाएं शामिल है। बस में करीब 50 से 55 लोग सवार थे। हादसे के बाद चिल्ला-पुकार मच गई थी। आसपास के लोग मदद के लिये पहुंचे थे। जिन्होने लोहे की सीढ़ीनुमा जाली को सहारा बनाकर बस में सवार महिला और बच्चो को नीचे उतारा। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के एसडीएम, एसडीओपी, सीएमएचओ, बीएमओ सामुदायिक केन्द्र पहुंच गये थे।
दुल्हे की पीछे चल रही थी कार
बारातियों से भरी बस के पीछे दुल्हा कार में सवार होकर आ रहा था। हादसे के बाद उन्होने कार रोक ली और परिवार के घायल सदस्यों को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद की। सभी अस्पताल पहुंचाने के बाद दुल्हा और परिवार के कुछ सदस्य निकाह के लिये इंदौर रवाना हो गये थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment