खुसूर-फुसूर जाम से जीवन हराम… महाआयोजन की तैयारी के तहत शहर में चौतरफा निर्माण कार्य अंजाम ले रहे हैं।

खुसूर-फुसूर

जाम से जीवन हराम…

महाआयोजन की तैयारी के तहत शहर में चौतरफा निर्माण कार्य अंजाम ले रहे हैं। तय है इनकी पूर्णता से पूर्व तक आवागमन प्रभावित होगा।आम जनजीवन पर इसका असर भी आयेगा और आवागमन में इससे समस्याएं भी बनेगी। यही सब अभी शहर में चल रहा है। आवागमन से जीवन हराम हो रहा है। आवागमन का संताप आमजन को सता रहा है। सबसे ज्यादा तो यह जाम के हाल के कारण हो रहा है। निर्माणों के चलते पहले से ही आवागमन में मार्ग सकरे हो गए हैं। एकांगी मार्ग को दोनों और से चलाया जाना मजबूरी है । इस पर भी व्यवसायिक वाहन चालक बनाम ई रिक्शा एवं मैजिक वालों का सवारी के लिए जाम लगाना कदापि न तो शहर हित में कहा जाएगा और न ही मानवीयता के पक्ष का। इसके साथ ही शहर में आए दिन जुलूस,जलसा प्रदर्शन भी कायम हैं। इनसे मार्गों पर बराबर जाम के हाल बन रहे हैं और आमजन जाम के संताप से त्रस्त होकर डीजल का धुंआ सडकों पर खडा होकर खाने को मजबूर है। महाआयोजन के निर्माणों को देखते हुए शहर में जुलूस,जलसा एवं प्रदर्शनों के लिए एक निश्चित मार्ग तय होना चाहिए। जिन मार्गों पर निर्माणों के कारण समस्या की स्थिति है उनके लिए तत्काल सूचना जारी कर वहां इस तरह के मामलों को लेकर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। निर्माणाधीन क्षेत्रों में मात्र सामान्य आवागमन के लिए और हल्के वाहनों को ही अनुमति होना चाहिए। भारी वाहनों के लिए ऐसे मार्गों को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। हाल यह हो रहे हैं कि निर्माणाधीन मार्गों पर जाम ऐसे लग रहे हैं जैसे शहर के मार्गों पर मेला लग रहा है और उससे उत्पन्न झमेला चल रहा है। जिम्मेदार इस हाल में आनंद और मौजमस्ती कर रहे हैं आमजन इससे उत्पन्न समस्या से त्रस्त है। उदाहरण के तौर पर फ्रीगंज ओव्हर ब्रिज को ही ले लें। फ्रींगंज वाले ब्रिज के मुहाने के तिराहे पर हाल देखे जाएं। उसके उपरांत घंटाघर तिराहे पर हाल देखे जाएं। न तो यहां हमारी सफेद वर्दी है और न हीं एंबूलेंस की कोई सहायता। उपर से रोज इस मार्ग पर जुलूस,जलसा, प्रदर्शन और व्यवसायिक भारी वाहनों का आवागमन।खुसूर-फुसूर है कि शहर में आडिटोरियम एवं अन्य आयोजन स्थल अब कम पडने लगे हैं। आधे से ज्यादा आयोजन घंटाघर पर ही हो रहे हैं। आवागमन प्रभावित और संताप भरा होना तय है। इस पर आवागमन व्यवस्थित करने के लिए भी किसी को कोई चिंता नहीं । आमजन अपने आप थपेडे खाते –खाते निकल ही जाएगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment