राष्ट्रपति संत प्रेमानंद से मिलीं हाथ जोड़कर प्रणाम किया

ब्रह्मास्त्र मथुरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। उन्होंने 25 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा की। राष्ट्रपति शुक्रवार सुबह 7 बजे बारिश के बीच परिवार के साथ प्रेमानंदजी के वृंदावन आश्रम पहुंचीं। राष्ट्रपति ने संत को हाथ जोड़कर प्रणाम किया।
प्रेमानंद जी ने राधे-राधे कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। आश्रम में राष्ट्रपति का संतों ने माला-चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। राष्ट्रपति ने प्रेमानंदजी को जन्मदिन की बधाई दी। प्रेमानंदजी का गुरुवार यानी 19 मार्च को 56वां जन्मदिन था। राष्ट्रपति यूपी के 3 दिन के दौरे पर हैं। गुरुवार सुबह उन्होंने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। इसके बाद शाम को मथुरा पहुंचीं। आज प्रेमानंदजी से मुलाकात के बाद बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम पहुंचेंगी। वहां से रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल जाएंगी और पश्चिमी यूपी की सबसे आधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह मथुरा का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह पिछले साल 25 सितंबर को आई थीं। तब बांके बिहारी के दर्शन किए थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment