इंटरनेट कॉलिंग से करता था हथियारों का सौदा
ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर की द्वारकापुरी पुलिस ने राजवीर नाम के तस्कर को 6 देसी पिस्टलों के साथ पकड़ा है। पुलिस ने कस्टमर बनकर उससे संपर्क किया। बताया जाता है कि आरोपी बात करने के लिए मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करता था।
वह इंटरनेट कॉलिंग और मैसेज से ही कस्टमर से बात करता था। इसके लिए वह वीडियो और फोटो भेजता था। अभी पुलिस सिकलीगर और ऐसे लोगों की जानकारी निकाल रही है, जिन्हें राजवीर हथियार उपलब्ध कराता था। डीसीपी आनंद कलादगी की टीम ने राजवीर पुत्र उजागर सिंह निवासी ग्राम ओझर, बड़वानी को पकड़ा है। उसके पास से 6 देसी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस मिले हैं। आरोपी के पास से इंटरनेट के मैसेज मिले हैं, जिनमें पिस्टल के फोटो, आॅडियो कॉलिंग और चैटिंग मिली है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए इसी का उपयोग करता था। वह कई सालों से हथियारों की तस्करी कर रहा था।
पहले भी औरंगाबाद व धुलिया में पकड़ा जा चुका है आरोपी- राजवीर पूर्व में औरंगाबाद और धुलिया में पकड़ा जा चुका है। वहां भी उस पर हथियार तस्करी के आरोप लगे थे। वह महाराष्ट्र जेल में भी रहकर आया था। भरोसा होने के बाद ही वह डिलीवरी देने के लिए बड़वानी इलाके से निकलता था। इसके पहले वह सामान्य युवक को रैकी करने भी भेजता था।
दिल्ली, यूपी के रास्ते भी बाहर भेजे हथियार- राजवीर के और भी साथी इस काम में जुड़े हैं। उन्हें डिलीवरी के बदले एक निश्चित कमीशन भी मिल जाता था। उसके साथियों को पूर्व में क्राइम ब्रांच और भंवरकुआ पुलिस पकड़ चुकी है। राजवीर ने कबूला है कि वह दिल्ली और बड़वानी में भी हथियार सप्लाई कर चुका है। पुलिस अभी उसके और साथियों की जानकारी निकाल रही है। जल्द उससे जुड़े और आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।